हरियाणा के रेवाड़ी में पिछले दिनों संदिग्ध हालातों में हुई एक युवक की मौत की गुत्थी सिर्फ कुछ ही घंटों में सुलझाते हुए अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक और अपराधी रिश्ते में भाई थे। अपराधी शख्स ने पुलिस की पूछताछ में खुलासा किया है कि पत्नी संग अवैध संबंध के चलते उसने अपने ममेरे भाई का क़त्ल कर उसे जला दिया था।
बृहस्पतिवार की सुबह धारूहेड़ा के साईंनाथ रेडी मिक्स कंक्रीट प्लांट में सिक्योरिटी गार्ड रोहित (22) का जला हुआ शव गार्ड रूम में मिला था। घरवालों ने आरोप लगाया था कि रोहित का क़त्ल किया गया है तथा इसमें उसकी बुआ के बेटे करण सिंह का हाथ है। शनिवार को DSP बावल राजेश लोहान ने बताया कि रोहित बीते एक महीने से यहां चौकीदार के रूप में तैनात था।
पुलिस को तहकीकात में पता लगा कि करण सिंह भी वहीं पर सिक्योरिटी गार्ड लगा हुआ है। जिस रात रोहित का क़त्ल हुआ उस रात को वह कमरे पर नहीं था। सख्ती से पूछताछ करने पर करण सिंह ने रोहित की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
DSP राजेश लोहान के अनुसार, करण ने पूछताछ में बताया कि नशे की हालत में चारपाई पर लेटे रोहित के सिर पर पहले ईंट मारी, जिससे उससे उसकी मौत हो गई। तत्पश्चात, उसने चारपाई सहित रोहित के ऊपर डीजल डालकर आग लगा दी।
उसने कहा कि रोहित के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। एक दिन उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति देख लिया था। इसके चलते उसका गुस्सा भड़क गया था तथा इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दे दिया।